समाचार निर्देश कुलदीप कुमार अमृतसर पंजाब : पटियाला जेल में एक वर्ष कैद की सजा काट रहे पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिद्धू अपने बर्ताव से फिर सुर्खियों में आ गए। उनके साथ बैरक में बंद कैदियों ने कहा कि सिद्धू तू-तड़ाक कर रहे हैं। इसकी शिकायत उन्होंने जेल प्रशासन को कर दी। वहीं सिद्धू का कहना है कि इन कैदियों ने उनके कार्ड से बिना बताए खरीदारी की है। हालांकि हालात को देखते हुए जेल प्रशासन ने सिद्धू के साथ बंद कैदियों की बैरक बदल दी है। सिद्धू के साथ 5 और कैदी बंद किए गए हैं। सिद्धू बैरक से ही जेल ऑफिस का काम करते हैं। सिद्धू की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। सिद्धू को अगर कोई सामान मंगवाना होता है तो वह साथ बंद दूसरे कैदियों से मंगवा लेते हैं। जेल सूत्रों के मुताबिक सिद्धू का कहना है कि इन कैदियों ने उनके कार्ड से बिना बताए सामान खरीदा। उनकी कार्ड की लिमिट कम है, इसलिए उन्होंने इस पर एतराज जताया था। वहीं कैदियों का कहना है कि सिद्धू ने उनके साथ तू-तड़ाक से बात की। जिसकी उन्होंने जेल अफसरों को शिकायत भी कर दी। इस विवाद के बाद जेल प्रशासन ने तुरंत सिद्धू के साथ बंद 3 कैदियों की बैरक बदल दी। अब उनके साथ 2 ही कैदी रह गए हैं। पटियाला जेल अधीक्षक मनजीत सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कुछ कैदियों की बैरक बदली गई है। हालांकि इससे ज्यादा वह कुछ नहीं कह सकते। जेल नियमों के अनुसार सिद्धू के साथ कुछ कैदियों को रखा गया है।