समाचार निर्देश एस डी सेठी – पंजाब सूबे के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बडा एक्शन लेते हुए अपने स्वास्थ मंत्री विजय सिंगला को बर्खास्त कर दिया है। मंत्री को केजरीवाल के भ्रष्टाचार विरोधी माॅडल के तहत एंटी करप्शन ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। मंत्री पर आरोप लगे हैं कि वह अधिकारियों से ठेके पर एक फीसदी कमीशन की मांग कर रहे थे। इस बावत पुख्ता सबूत मिलने पर विजय सिंगला को स्वास्थ मंत्री के पद से बर्खास्त कर दिया। सीएम मान ने कहा कि जनता ने बहुत उम्मीदों से आम आदमी पार्टी सरकार बनाई है। उन उम्मीदों पर खरा उतरना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने आगे कहा कि जब तक अरविंद केजरीवाल जैसे भारत मां के बेटे हैं और भगवंत मान जैसे सिपाही हैं, भ्रष्टाचार के खिलाफ महायुद्ध जारी रहेगा। ज्ञात हो कि देश के इतिहास में दूसरी बार एक मुख्यमंत्री ने सीधे अपने मंत्री पर कार्रवाई की है। इससे पहले साल 2015 में दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने अपने मंत्री को भ्रष्टाचार के मामले में बर्खास्त किया था।